खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम युवाओं को विकसित भारत के विजन से जोड़ने का सार्थक मंच- मंत्री सारंग
खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम में की सहभागिता
भोपाल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के युवाओं से वर्चुअली संवाद किया। इस अवसर पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सहभागिता कर प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संवाद को सुना। संवाद कार्यक्रम बाद मंत्री सारंग ने उपस्थित युवा साथियों से संवाद कर उनके विचार एवं सुझाव जाने तथा उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में खेलों को केवल प्रतिस्पर्धा और पदक प्राप्ति तक सीमित न रखते हुए इसे युवा सशक्तिकरण एवं विकसित भारत 2047 के विजन के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में 21वीं सदी के अनुरूप आधुनिक एवं सुदृढ़ स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। प्रतिभाओं की पहचान से लेकर उन्हें प्रशिक्षण, संसाधन, अवसर और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के मंच उपलब्ध कराने तक हर स्तर पर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
युवाओं को विकसित भारत के विजन से जोड़ने का सार्थक मंच
मंत्री सारंग ने कहा कि खेलो इंडिया संवाद केवल खेलों पर चर्चा का कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह देश के युवाओं के विचारों, ऊर्जा, प्रतिभा और आकांक्षाओं को विकसित भारत के राष्ट्रीय विजन से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है। प्रधानमंत्री मोदी का युवाओं से सीधा संवाद उन्हें नई दिशा, नई प्रेरणा और अपने सामर्थ्य को राष्ट्रहित में लगाने का अवसर प्रदान करता है।
भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत
मंत्री सारंग ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। यही गुण एक सशक्त नागरिक और मजबूत राष्ट्र की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे सकारात्मक दिशा दे और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। मंत्री सारंग ने कहा कि खेल केवल मेडल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का प्रभावी साधन है। खेलों के साथ संस्कार, अनुशासन और नशामुक्ति को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा स्वयं भी सशक्त बनेंगे और समाज को भी नई दिशा देंगे।
नशामुक्त युवा ही विकसित राष्ट्र के मजबूत आधार
मंत्री सारंग ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के मजबूत आधार हैं। खेल, संस्कार और नशामुक्ति के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश का युवा स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में देश का युवा निर्णायक भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण सचिव संजीव सिंह, संचालक अंशुमान यादव, अपर सचिव अजय श्रीवास्तव, साईं भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक चौहान, माय भारत के वालिंटियर्स, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।