वेस्टइंडीज के खिलाफ कुलदीप यादव को नहीं मिला मौका, अश्विन बोले- फैसले में कॉमन सेंस की कमी

नई दिल्ली
 वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले दो मैचों के बाद कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप कर दिया गया है। तीसरे और चौथे मैच में उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को खेलने का मौका मिला। लखनऊ में हुए सीरीज के पहले मैच में कुलदीप ने 33 रन देकर दो विकेट लिए थे। दूसरे मैच में वह महंगे रहे औऱ 53 रन खर्च कर दिए थे। इंदौर के बाद हैदराबाद में भी भारतीय टीम ने कुलदीप को नहीं खिलाया।

आर अश्विन फैसले से हैरान
भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन कुलदीप यादव के बेंच पर बैठने से हैरान हैं। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'यह काफी हैरान करने वाली बात है, क्योंकि ऐसे मैदान पर जहां कुछ उछाल मिलने की उम्मीद होती है, और मुझे पता है कि यह मैदान स्पिनरों के लिए हमेशा से बहुत मददगार नहीं रहा है, लेकिन वहां भी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज उसकी गुगली और लेग-स्पिन को समझने में संघर्ष कर रहे हैं।'

टीम मैनेजमेंट पर बोला हमला
आर अश्विन उस तर्क पर सवाल उठाया जिसके तहत कुलदीप को उस विरोधी टीम के खिलाफ बाहर रखा गया, जिसे उनकी गेंदों की विविधता को समझने में मुश्किल हो रही थी। उन्होंने आगे कहा- अगर आप उनके खिलाफ कुलदीप को बाहर रख रहे हैं, तो इसमें थोड़ी कॉमन सेंस की कमी लगती है। यह काफी हैरान करने वाला है, क्योंकि मुझे लगता है कि उनकी मौजूदगी से 15-20 रनों का फर्क पड़ सकता था।'

अश्विन ने माना कि तीसरे मैच में मैदान छोटा होने की वजह से कुलदीप को बाहर रखना ठीक था। उन्होंने कहा- मुझे हैरानी हुई। इंदौर में कुलदीप को नहीं चुना गया था और मैं अभी भी उस फैसले का सपोर्ट करूंगा क्योंकि मैं समझ सकता हूं कि वहां का मैदान छोटा है। लेकिन आप यह कहकर इसे एक मुद्दा बना रहे हैं कि रांची में भारत की हार कुलदीप की वजह से हुई। यह अपने आप में गलत है।

कुलदीप यादव का रिकॉर्ड दमदार
कुलदीप यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दुनिया के सबसे प्रभावशाली गेंदबाजों में एक हैं। सिर्फ 56 मैचों में वह 98 बल्लेबाजों को आउट कर चुके हैं। उनके पास सबसे तेज 100 विकेट लेने का भारतीय गेंदबाज बनने का भी मौका है। अर्शदीप सिंह ने 64 मैचों में 100 विकेट झटके थे। कुलदीप ने दो बार मैच में 5 विकेट लिए हैं तो उनकी इकोनॉमी 7.11 और औसत 14.2 का है। वह इस फॉर्मेट में लगभग हर 12वीं गेंद पर विकेट लेते हैं।